पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने RDA (रायपुर विकास प्राधिकरण) जमीन आवंटन विवाद को लेकर वन मंत्री केदार कश्यप पर निशाना साधा। रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने केदार कश्यप की पत्नी से जुड़े पुराने परीक्षा प्रकरण का जिक्र करते हुए मौजूदा विवाद पर सवाल उठाए।
भूपेश बघेल ने कहा कि केदार कश्यप ऐसे मामलों में पहले भी घिर चुके हैं। उन्होंने LPG और दूध के दाम बढ़ने, आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों पर कार्रवाई, नगर निगम में महापौर, अधिकारियों के विवाद और महानदी जल विवाद को लेकर भी सरकार को घेरा।
धर्मांतरण के मुद्दे पर उन्होंने सरकार से केवल चिंता जताने के बजाय ठोस कार्रवाई करने की मांग की।
RDA विवाद पर केदार कश्यप को घेरा
RDA जमीन आवंटन से जुड़े सवाल पर बघेल ने कहा कि केदार कश्यप ऐसे मामलों में पहले भी घिर चुके हैं। उन्होंने पिछली सरकार के दौरान उनकी पत्नी से जुड़े परीक्षा विवाद का जिक्र किया।
बघेल ने आरोप लगाया कि पत्नी की जगह किसी अन्य महिला के परीक्षा देने का मामला सामने आने के बाद इसे लेन-देन कर खत्म कर दिया गया। उन्होंने इसी संदर्भ में मौजूदा RDA जमीन आवंटन विवाद को लेकर सरकार पर तंज कसा।