रिटायर्ड शिक्षक के घर से नकद 17 लाख और सोने की बिस्किट की चोरी

Chhattisgarh Crimes

लोरमी। थाने से महज दो सौ मीटर की दूर स्थित रिटायर्ड शिक्षक के सूने मकान से दिनदहाड़े चोरों ने 17 लाख 50 हजार रुपये और 100 ग्राम बिस्किट पार कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस चोरों की पतासाजी में जुट गई है। पुलिस ने डाग स्क्वायड की भी मदद ली है। फिलहाल चोरों का पता नहीं चल सका है।

लोरमी के वार्ड क्रमांक सात हाईस्कूल के सामने निवासी असगर अली रिटायर्ड शिक्षक हैं। वे वर्तमान में वकालत करते हैं। उन्होंने बताया कि वे सुबह 11 बजे अपने चालक के साथ बिलासपुर चले गए थे। घर में ताला लगा हुआ था। जब वे शाम पांच बजे घर लौटे तो कमरे के भीतर आलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। चोरों ने आलमारी से रखे नकद 17 लाख 50 हजार रुपये और 100 ग्राम सोने की बिस्किट की चोरी कर ली है। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

थाना प्रभारी गौरव पांडेय ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पतासाजी में जुट गए। मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करते हुए डाग स्क्वायड की मदद ली। साथ ही घटनास्थल का फिंगरप्रिंट और फुट प्रिंट भी तैयार किए गए हैं। थाना प्रभारी गौरव पांडेय का कहना है कि मामले में संदेहियों से पूछताछ की जा रही है।

Exit mobile version