बाइक सीख रहे 2 नाबालिगों को ट्रक ने रौंदा, मौत

Chhattisgarh Crimes

सरगुजा। जिले में नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह 6.30 बजे बाइक सीख रहे दो नाबालिग दोस्तों को अज्ञात ट्रक ने रौंद दिया। जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। एक बच्चे का तो सिर क्षत-विक्षत हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे की वजह तेज रफ्तार और कोहरा है। घटना बतौली थाना क्षेत्र के लालमाटी की है।

जानकारी के मुताबिक, 15 साल का भट्टको निवासी हेमंत अपने 14 साल के दोस्त अमरिकन​​​​​ से मिलने के लिए सुबह 6 बजे घर से बाइक लेकर निकाला। वो शांतिपारा से दोस्त को लेकर बाइक में नेशनल हाईवे-43 सीतापुर की ओर निकल गया। तभी लालमाटी के पास अज्ञात ट्रक ने बाइक को कुचल दिया ।

हादसा इतना भयावह था कि बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हेमंत और अमरिकन ने गंभीर चोट लगने से घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है। लेकिन कुछ देर बार राहगीरों ने जब 2 लड़कों की लाश देखी तो वे सहम गए, उन्होंने इसकी जानकारी बतौली पुलिस को दी जिसके बाद बतौली टी आई सीपी तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज कर पुलिस जांच में जुटी है।

Exit mobile version