बिलासपुर में अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए रेलवे के जूनियर इंजीनियर की डैम में डूबने से मौत

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए रेलवे के जूनियर इंजीनियर की डैम में डूबने से मौत हो गई। सत्येंद्र सिंह कंवर रविवार को नहाते समय गहराई में समा गया था। एसडीआरएफ की टीम ने आज सुबह शव बरामद कर लिया है। रविवार देर शाम से लेकर रात तक पुलिस और SDRF की टीम तलाश में जुटी रही। लेकिन, उसका पता नहीं चल सका था।

सोमवार सुबह जब पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तो जूनियर इंजीनियर का शव पानी में तैरता मिला। सत्येंद्र सिंह कंवर (30) रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग में जूनियर इंजीनियर था। वो मूलत: अंबिकापुर का रहने वाला था। रविवार को सत्येंद्र सिंह अपने पांच दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने कोटा के घोंघा जलाशय स्थित कोरी डैम गए थे। दोस्तों में तीन लड़के और दो लड़कियां भी थे।

दूसरी बार गहराई में समाया और बाहर नहीं आया

डैम के पास सत्येंद्र अपने दोस्तों के साथ मस्ती कर रहे थे। जिसके बाद दोपहर को डैम में नहाने के लिए उतरे। उसके दोस्तों ने पुलिस को बताया पहले सभी दोपहर में नहाकर वापस आ गए थे, जिसके बाद सत्येंद्र और कुछ दोस्त शाम को दोबारा नहाने के लिए डैम में उतरे।

इस दौरान वह गहराई में समा गया। उसे डूबते देखकर साथियों ने शोर मचाया। एक साथी को तैरना आता है, जिस पर वह कुछ देर तक गहराई में तलाश करता रहा। लेकिन, उसका कुछ पता नहीं चला।

देर शाम पहुंची SDRF की टीम

उसके दोस्तों ने इस घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी। खबर मिलते ही कोटा पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद पुलिस ने डैम में बोट के सहारे इंजीनियर की तलाश शुरू कर दी। साथ ही इस घटना की जानकारी अधिकारियों को देकर एसडीआरएफ की मदद मांगी गई।

देर शाम एसडीआरएफ की टीम भी डैम पर पहुंच गई। अंधेरे में एसडीआरएफ की टीम ने इंजीनियर की तलाश करती रही। लेकिन, उसका कुछ पता नहीं चला।

डैम के पास नहीं है सुरक्षा का इंतजाम

कोरी डैम जिले का बड़ा पिकनिक स्पॉट है। यहां पर्यटकों की भीड़ रहती है। छुट्टी के दिनों में लोगों की भीड़ बढ़ जाती है। इसके पहले भी डैम में कई हादसे हो चुके हैं। इसके बाद भी जिला प्रशासन की ओर से यहां सुरक्षा का इंतजाम नहीं किया गया है। बता दें कि यहां पर्यटकों के लिए मोटर बोट और नाव की भी व्यवस्था है। इसके बाद भी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है।

Exit mobile version