कार को ट्रक ने मारी टक्कर, तीन की मौत

Chhattisgarh Crimes

अंबिकापुर। अंबिकापुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम बतौली शांतिपारा के पास बेकाबू ट्रक की टक्कर से कार सवार तीन बरातियों की मौत हो गई। कार सवार एक बराती ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली में दम तोड़ दिया जबकि दो की मेडिकल कालेज अस्पताल में मौत हो गई। कार में कुल आठ लोग सवार थे।शेष पांच को भी चोट आई है। जानकारी के मुताबिक रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम नया रामपुर से बरात बलरामपुर जिले के बचवार शंकरगढ गई हुई थी। बराती अलग-अलग वाहनों से गए थे।वापसी में कार क्रमांक सीजी 13 एपी 6925 से मधुसुदन चौहान, माधव चौहान, मनोज राठिया , गजानंद राठिया, बंशीधर राठिया, नरेश कुमार राठिया, फुलेश्वर राठिया,गंजानंद सवार थे।

बीते 28 अप्रैल की भोर में बरातियों की कार अंबिकापुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम बतौली के शांतिपारा के पास पहुंची थी उसी दौरान 18 पहिया मालवाहक वाहन एनएल 01 एई 6676 के चालक ने तेजी व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए कार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार सवार मधुसुदन, माधव, मनोज, गजानंद राठिया, बंशीधर राठिया, फुलेश्वर राठिया एवं गंजानंद, नरेश कुमार राठिया को गंभीर चोट आई थी। पुलिस के सहयोग से सभी घायल बरातियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बतौली में भर्ती किया गया था। यहां उपचार के दौरान नरेश कुमार राठिया की मौत हो गई।

शेष सभी को प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कालेज अस्पताल अंबिकापुर में शिफ्ट कर दिया गया था। शुक्रवार की शाम हादसे में घायल फुलेश्वर राठिया 40 वर्ष की भी मौत हो गई। शनिवार की सुबह बंशीधर राठिया 21 वर्ष ने भी दम तोड़ दिया।शेष घायलों का उपचार चल रहा है। मृतकों के स्वजन भी अंबिकापुर पहुंच चुके है।हादसे में तीन लोगों की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई है। मृतकों के शव को गृहग्राम ले जाया गया है।

बता दें कि अंबिकापुर- सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुल- पुलिया का काम अभी भी पूरा नहीं हो पाया है ,जहां पर हादसा हुआ वहां पर भी पुलिया निर्माणाधीन है।रात में ट्रक की रफ्तार तेज होने के कारण चालक उसे नियंत्रित नहीं कर सका और सामने से आ रही कार को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं।सड़क नव निर्माण का काम निर्धारित समय में पूरा नहीं हो सका है।इस साल भी इस मार्ग में पुल-पुलियों के अधूरे निर्माण की वजह से आवागमन बाधित होना तय माना जा रहा है।

Exit mobile version