लैंड फॉर जॉब्स केस में तेजस्वी को सीबीआई का समन : लालू के रिश्तेदारों और करीबियों के घर से ED को 53 लाख कैश, 2 किलो सोना मिला

Chhattisgarh Crimes

पटना. नौकरी के बदले जमीन केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने लालू यादब के करीबियों और रिश्तेदारों के ठिकानों पर रेड में 53 लाख रुपए, 1,900 अमेरिकी डॉलर, 540 ग्राम सोना और 1.5 किलोग्राम सोने के आभूषण जब्त किए गए हैं। इस बीच, बिहार के डिप्टी CM तेजस्वी यादव को CBI ने पूछताछ के लिए दूसरी बार समन भेजा है। इससे पहले 4 फरवरी को भेजा गया था।

ED ने शुक्रवार को लालू यादव के करीबियों के दिल्ली, मुंबई, नोएडा और पटना में 15 जगहों पर छापेमारी की थी। इनमें दिल्ली के तेजस्वी यादव के घर, लालू की तीन बेटियों हेमा, रागिनी और चंदा का घर भी शामिल था। इनके अलावा, लालू के समधी जितेंद्र यादव के गाजियाबाद स्थित आवास पर भी छापा डाला गया था।

लालू यादव ने कहा संघ और भाजपा के विरुद्ध मेरी वैचारिक लड़ाई रही है और रहेगी। मैंने कभी भी घुटने नहीं टेके हैं। मेरे परिवार और पार्टी का कोई भी व्यक्ति आपकी राजनीति के सामने झुकेगा नहीं।

लालू की बेटी रोहिणी आचार्या ने ED की कार्रवाई का वीडियो शेयर कर ट्वीट कर लिखा है, ‘सेप्टिक टैंक की खुदाई से गैस मिली। चाय बनाने के लिए मोदी साहब के लिए भर-भर ट्रक लेके गए हैं जमाई।’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘पिछले 14 घंटे से मोदी जी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के घर पर ED बैठा रखी है। उनकी गर्भवती पत्नी और बहनों को सताया जा रहा है। लालू प्रसाद यादव बुजुर्ग हैं, बीमार हैं, तब भी मोदी सरकार ने उनके प्रति मानवता नहीं दिखाई। अब पानी सिर के ऊपर से चला गया है।’

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 2017 में भी रेड हुआ था, उसके बाद हम अलग हो गए। 5 साल बीत गए और अब हम एक साथ आ गए हैं तो फिर से रेड हो रहा है। इस पर अब मैं क्या बोल सकता हूं।

Exit mobile version