
मुदलियार वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मंडल के कोषाध्यक्ष है। पुलिस का कहना है कि लोहा चोरी में जिन ट्रकों का इस्तेमाल किया जा रहा था, वे भास्कर मुदलियार से जुड़े हैं। इसी आधार पर उससे पूछताछ की गई और बाद में उसे गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई के बाद भास्कर मुदलियार को पार्टी ने 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
बता दें कि शुरुआत में इसे स्क्रैप चोरी का मामला माना गया था, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि यह एक संगठित गिरोह का काम था। जांच में प्लांट के कुछ अधिकारी, ठेकेदार, ट्रांसपोर्टर, कारोबारी और अब एक भाजपा नेता का नाम भी सामने आया है। अब तक इस मामले में 17 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच अभी भी जारी है।
6 साल के लिए पार्टी से किया निष्कासित
भाजपा नेता भास्कर मुदलियार की गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी ने भी कार्रवाई की है। भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने भास्कर मुदलियार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया।
गिरफ्तारी पर पुलिस ने नहीं जारी की फोटो और प्रेस रिलीज
भिलाई स्टील प्लांट लोहा चोरी मामले में अब तक कुल 17 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दुर्ग पुलिस ने इससे पहले गिरफ्तार किए गए 16 आरोपियों की फोटो, वीडियो और प्रेस रिलीज जारी की थी।
भास्कर मुदलियार की गिरफ्तारी के बाद न तो उनकी तस्वीर सार्वजनिक की गई और न ही गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी की गई।