बिलासपुर में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे 2 मजदूरों की करंट लगने से मौत

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे 2 मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई। काम के दौरान पहले एक मजदूर 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आया, उसे बचाने गया दूसरा मजदूर भी झुलस गया। करंट इतना तेज था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, कस्तूरबा नगर रिंग रोड नंबर-2 स्थित एक मकान में मजदूर दीवार जोड़ाई कर रहे थे। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, निर्माणाधीन मकान में दीवार जोड़ाई का काम चल रहा था। इसी दौरान सबसे पहले भूपेंद्र साहू का कॉन्टैक्ट मकान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन से हो गया। उसे करंट लगते देख साथी मजदूर रवि बंजारे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन वह भी बिजली की चपेट में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि करंट लगते ही एक मजदूर नीचे गिर गया, जबकि दूसरा बिजली के तार में ही फंस गया। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

मृतकों की पहचान भूपेंद्र साहू और रवि बंजारे के रूप में हुई है। दोनों अशोक नगर स्थित डीएलएस कॉलेज के पास के निवासी थे। जिस निर्माणाधीन मकान में हादसा हुआ, वह अनूप सिंह का बताया जा रहा है।

पर्याप्त सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन के बीच पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की बात सामने आ रही है।

Exit mobile version