अंबिकापुर के गांधीनगर में लिव इन रिलेशन में रह रहे युवक की गला कटने से मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesअंबिकापुर के गांधीनगर में लिव इन रिलेशन में रह रहे युवक की गला कटने से मौत हो गई। उसके साथ रह रही युवती ने भी स्वयं का गला काट लिया। उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है। युवती के अनुसार युवक ने चाकू से स्वयं का गला काट लिया था। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के गांधीनगर में दयाल मंडल के घर में किराये पर मोहन पैकरा (28 वर्ष) और महिमा सिदार (26 वर्ष) पिछले करीब 10 सालों से लिव इन रिलेशन में रह रहे थे। बुधवार सुबह मोहन पैकरा का गला कटा हुआ देखकर महिमा ने शोर मचाया और स्वयं अपना गला भी चाकू से काट लिया।घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। मोहन पैकरा की मौत हो चुकी थी। महिमा के गले से खून निकल रहा था। महिमा को डायल 112 की टीम ने तत्काल मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया। उसकी हालत खतरे से बाहर है।

युवती ने कहा-युवक ने स्वयं काटा अपना गला

युवती महिमा पैकरा ने बताया कि वह सुबह बाथरूम गई थी। जब वह लौटी तो उसने मोहन पैकरा को खून से लथपथ हालत में तड़पते हुए देखा। उसका गला कटा हुआ था और खून निकल रहा था। यह देखकर युवती ने स्वयं भी अपना गला काट लिया। युवती ने बताया कि मोहन पैकरा ने चाकू से अपना गला काट लिया था।

युवती ने बताया कि दोनों के बीच रक्षाबंधन में घर जाने को लेकर विवाद हुआ था। महिमा सिदार युवक को अपने साथ घर जाने के लिए बोल रही थी, जबकि मोहन उसके घर नहीं जाना चाहता था। दोनों के बीच इसे लेकर विवाद हुआ था।

परिजनों को दी गई सूचना

थाना प्रभारी दिलीप दुबे ने बताया कि मृतक मोहन पैकरा मूलतः दरिमा का निवासी था। युवती महिमा पैकरा सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कंदरई की रहने वाली है। दोनों यहां किराये के मकान में लिव इन में रह रहे थे। वे दोनों दो माह से गांधीनगर में किराये के मकान में रह रहे थे।

दिलीप दुबे ने बताया कि सुबह करीब 6.30 बजे यह घटना हुई है। युवती ने बताया है कि युवक ने अपना गला काट लिया है। मौके पर फारेंसिक टीम पहुंची है। जांच के बाद मामले में पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।

Exit mobile version