राजनांदगांव जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चल रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 2 मामलों में कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesराजनांदगांव जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चल रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 2 मामलों में कार्रवाई की है। बसंतपुर पुलिस ने गंज मंडी में हुई चोरी का 6 घंटे में खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, कौरिनभांठा में चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले एक युवक को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

गंज मंडी परिसर स्थित दुकान के मालिक पीयूष सोनकर ने बसंतपुर थाने में शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोर दुकान का शटर तोड़कर वेल्डिंग मशीन, दो ग्राइंडर कटर और केबल वायर चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 16 हजार रुपए बताई गई।

एसपी अंकिता शर्मा और एएसपी कीर्तन राठौर के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में टीम बनाई गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की।

जांच के आधार पर पुलिस ने बसंतपुर निवासी हेमंत उर्फ सूरज यादव (29) और महेश उर्फ लक्की यादव (20) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

चोरी का पूरा सामान बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी हुआ 100 प्रतिशत सामान बरामद कर लिया। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार हेमंत पहले भी मारपीट के मामलों में शामिल रहा है।

चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला गिरफ्तार

दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली कि कौरिनभांठा इलाके में एक युवक धारदार चाकू लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की।

पुलिस ने आरोपी अर्जुन उर्फ गोद्दड़ धनकर (22), निवासी कौरिनभांठा को पकड़ लिया। उसके कब्जे से अवैध चाकू बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पहले से दर्ज हैं मामले

पुलिस ने बताया कि अर्जुन आदतन बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।

Exit mobile version