लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे

Chhattisgarh Crimesलोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। वे रायपुर जिले के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में करीब 4 घंटे तक मौजूद रहेंगे और जिला, शहर अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद करेंगे। राहुल गांधी के दौरे से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है।

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि यही भगवान राम हैं, जिनके अस्तित्व को राहुल गांधी ने कभी स्वीकार नहीं किया था।

राहुल गांधी यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं को क्या सिखाने आ रहे हैं। क्या वे भ्रष्टाचार की ट्रेनिंग देने आए हैं या फिर “आलू से सोना निकालने” जैसी बातें सिखाने आ रहे हैं। जनता अब ऐसे बयानों और राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है।

वहीं, पुरंदर मिश्रा के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि पुरंदर मिश्रा मानसिक रूप से परेशान हो चुके हैं और उन्हें इलाज की जरूरत है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि भाजपा उनका इलाज नहीं करा पा रही है, तो कांग्रेस इसके लिए भी तैयार है।विकास उपाध्याय ने आगे कहा कि पुरंदर मिश्रा अपना राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने उन्हें “एक्सीडेंटल विधायक” बताते हुए कहा कि वे अनावश्यक बयानबाजी कर सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं।

कल से शुरू हुआ प्रशिक्षण शिविर

कांग्रेस का 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार से अभनपुर के चांदी मोड़ स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन में शुरू हो चुका है। संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में प्रदेशभर के नवनियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष शामिल हो रहे हैं।

शिविर को केवल भाषणों तक सीमित नहीं रखा गया है। कांग्रेस नेताओं को गांवों में रुककर ग्रामीणों से संवाद करने, मनरेगा की जमीनी स्थिति समझने, नशे की समस्या पर चर्चा करने और स्थानीय सामाजिक-आर्थिक हालात का अध्ययन करने की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रशिक्षण की शुरुआत झंडावंदन से की गई है। इसमें योग, मार्शल आर्ट्स, व्यक्तित्व विकास और संगठन प्रबंधन के सत्र भी रखे गए हैं। अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञ मीडिया हैंडलिंग, जनसंपर्क, राजनीतिक रणनीति और बूथ प्रबंधन पर प्रशिक्षण दे रहे हैं।

Exit mobile version