
पुलिस ने गांजा ले जाने में इस्तेमाल की जा रही हुंडई कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 20 लाख 55 हजार 500 रुपए आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक हुंडई कार (CG 13 UB 7951) में दो लोग ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। यह मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का है।
चेकपोस्ट पर पुलिस ने कार रोकी
सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक हुंडई कार (सीजी 13 यूबी 7951) में दो लोग ओडिशा से छत्तीसगढ़ की तरफ गांजा लेकर आ रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद एनएच-53 पर रेहटीखोल चेकपोस्ट में पुलिस जवानों को अलर्ट किया गया। यहां आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू की गई। मुखबिर के बताए हुलिए और कार के नंबर के आधार पर पुलिस ने हुंडई कार को रोक लिया। कार में सवार दोनों लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी तलाशी ली।
डिक्की में बोरी के अंदर मिला गांजा
कार चालक ने अपना नाम विनोद कुमार सिंह (31) बताया। वह ओडिशा के नयागढ़ जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के माधवपुर का रहने वाला है। दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम गयाधर दडेई (41) बताया। वह ओडिशा के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के पत्थरचकड़ा का रहने वाला है।
कार की तलाशी लेने पर डिक्की में रखी एक बोरी से 35 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा से रायपुर ले जाकर बेचने वाले थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)ii(सी) के तहत केस दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।