
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 4 बजे चर्लापल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 17007) रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान एक यात्री पानी लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतरा और कैंटीन कर्मचारी से पानी मांगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद कुछ ही मिनटों में बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन दोनों एक-दूसरे से भिड़ गए।
33 सेकंड का वीडियो वायरल
घटना का करीब 33 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है। मारपीट के दौरान एक व्यक्ति को प्लेटफॉर्म पर पटकते हुए भी देखा जा सकता है।
आरपीएफ जवान करता रहा समझाइश
वायरल वीडियो में एक आरपीएफ जवान भी मौके पर मौजूद नजर आ रहा है। जवान दोनों पक्षों को अलग करने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सीटी बजाते हुए दिखाई देता है
किसी पक्ष ने नहीं की शिकायत
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि घटना को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत नहीं मिलने के कारण मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बनी घटना
रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच इसकी चर्चा हो रही है। फिलहाल शिकायत नहीं होने के कारण मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।