दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में सड़क पर महिला को चाकू दिखाकर मंगलसूत्र लूटने के मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में सड़क पर महिला को चाकू दिखाकर मंगलसूत्र लूटने के मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा है। दोनों ने झीट-खुड़मुड़ी मुख्य सड़क पर महिला को बाइक से रोक लिया था। पीछे बैठे नाबालिग ने बाइक से उतरकर महिला के गले पर चाकू अड़ा दिया और उसका सोने का मंगलसूत्र लूट लिया। इसके बाद दोनों बाइक से भाग गए। घटना 8 सितंबर की शाम की है। पुलिस ने लगातार तलाश के बाद दोनों को रायपुर के भाठागांव से पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक, महिला ग्राम झीट के नए क्रिकेट मैदान से अपनी सहेली के साथ काम करके घर लौट रही थी। वह पेट्रोल पंप के पास मुख्य सड़क पर पहुंची थी। इसी दौरान पाटन की ओर से एक बाइक पर दो लड़के आए। उन्होंने बाइक महिला के पास रोकी। पीछे बैठे लड़के ने बाइक से उतरकर चाकू निकाला और महिला के गले पर अड़ा दिया। चाकू देखकर महिला डर गई। इसी दौरान आरोपी उसका मंगलसूत्र लूटकर साथी के साथ बाइक से फरार हो गया।

घटना के बाद महिला ने अमलेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटना सड़क पर हुई थी और आरोपियों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की।

रायपुर से पकड़ा नाबालिगों को अमलेश्वर थाना पुलिस और सायबर अपराध दुर्ग की टीम ने मिलकर आरोपियों की तलाश की। पुलिस ने घटना के बाद लगातार जानकारी जुटाई और आखिरकार दोनों को रायपुर के भाठागांव में घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को नियमानुसार अभिरक्षा में लिया गया और न्यायालय के सामने पेश किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों नाबालिग बाइक से घूमकर राहगीरों को निशाना बनाते थे। वे रास्ते में लोगों को रोकते और चाकू दिखाकर डराते थे। विरोध करने पर धमकी देकर सोने-चांदी के गहने और दूसरी चीजें लूटकर भाग जाते थे। इस मामले में भी उन्होंने इसी तरीके का इस्तेमाल किया।

आरोपियों के कब्जे से सामान किया जब्त पुलिस ने दोनों के कब्जे से सोने के चार गोल बूंदे, दो सोने के लॉकेट और एक मोबाइल बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर बाइक और चाकू भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में चार सोने की बूंदों की कीमत करीब 35 हजार रुपए, दो सोने के लॉकेट की कीमत 20 हजार रुपए और मोबाइल की कीमत 10 हजार रुपए है। बाइक की कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। इस तरह जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपए बताई गई है।

Exit mobile version