गणेश उत्सव और आगामी त्योहारों को देखते हुए रायपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी

Chhattisgarh Crimesगणेश उत्सव और आगामी त्योहारों को देखते हुए रायपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। नॉर्थ जोन में असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के साथ अब ड्रोन से भी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी की जा रही है।

पंडरी, उरला, गुढ़ियारी और खमतराई थाना क्षेत्रों में 13 लोगों पर कार्रवाई हुई, जबकि धरसींवा में एक सप्ताह में 57 लोगों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत जेल भेजा गया। गुढ़ियारी क्षेत्र में ड्रोन को सुरक्षा की ‘तीसरी आंख’ के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।

गणेश उत्सव और आगामी त्योहारों के दौरान शांति, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नॉर्थ जोन पुलिस लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी कर रही है। पुलिस उपायुक्त दीपमाला कश्यप के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे के पर्यवेक्षण में प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थानों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

ड्रोन से आसमान से भी नजर, गुढ़ियारी में निगरानी तेज

गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में ड्रोन कैमरे के जरिए हवाई निगरानी की जा रही है। लोगों की आवाजाही, भीड़ की स्थिति और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को ऊपर से मॉनिटर किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ड्रोन से मिलने वाली जानकारी के आधार पर किसी भी संभावित स्थिति का समय रहते पता लगाकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।

नॉर्थ जोन के 4 थानों में 13 पर कार्रवाई

पंडरी, उरला, गुढ़ियारी और खमतराई थाना क्षेत्रों में कुल 13 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पंडरी में BNSS की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत 4 लोगों पर कार्रवाई हुई। उरला में 3, गुढ़ियारी में 3 और खमतराई में 3 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

धरसींवा में एक सप्ताह में 57 पर कार्रवाई

रायपुर ग्रामीण के धरसींवा थाना क्षेत्र में भी असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान जारी है। 19 सितंबर को थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान की टीम ने 20 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

यह कार्रवाई एएसपी चंचल तिवारी और सीएसपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस के मुताबिक, एक सप्ताह में कुल 57 लोगों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत जेल भेजा गया है।

पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पारंपरिक पेट्रोलिंग के साथ आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। ड्रोन निगरानी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Exit mobile version