भिलाई में उधार दिए 20 हजार रुपए और ब्याज की रकम चुकाने के बाद भी एक्ट्रा पैसे मांगने, महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesभिलाई में उधार दिए 20 हजार रुपए और ब्याज की रकम चुकाने के बाद भी एक्ट्रा पैसे मांगने, महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रुपए देने से मना करने पर महिला को उसके बेटे के साथ एक घर ले जाया गया। वहां तीन लोगों ने दोनों के साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट की।

इस मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में पूजा राव उर्फ वेंकट लक्ष्मी राव (42), चंदन राव (25) और प्रवीण शर्मा (48) शामिल हैं। तीनों सेक्टर-1, सड़क 15, क्वार्टर नंबर 10 बी, भिलाई के रहने वाले हैं।

पुलिस ने आरोपियों के घर से महिला का एक कोरा चेक और उससे जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए हैं। तीनों को 20 सितंबर को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, सुपेला निवासी रेखा ताण्डी ने 19 सितंबर को भिलाई भट्ठी थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसके पति की तबीयत खराब थी। इलाज के लिए उसने पूजा राव से 20 हजार रुपए उधार लिए थे।

शिकायत के मुताबिक, इस रकम के बदले साप्ताहिक ब्याज मांगा जा रहा था। महिला का आरोप है कि उसने मूल रकम के साथ ब्याज की रकम भी चुका दी थी। इसके बाद भी उससे और रुपए मांगे जाने लगे। जब उसने एकमुश्त रकम देने में असमर्थता जताई तो मामला मारपीट तक पहुंच गया।

इलाज कराने के नाम पर घर ले जाने का आरोप

शिकायत के अनुसार, पूजा राव ने महिला से कहा कि वह इलाज करा देगी और उसे अपने वाहन से अपने घर ले गई। वहां पूजा राव के साथ चंदन राव और प्रवीण शर्मा भी मौजूद थे। आरोप है कि, तीनों ने महिला और उसके बेटे से अतिरिक्त रुपए की मांग की।

महिला के मुताबिक, जब उसने और रुपए देने में असमर्थता जताई तो आरोपियों ने दोनों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट की गई।

घर की तलाशी में मिला ब्लैंक चेक

घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद पूजा राव के घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को शिकायतकर्ता का एक ब्लैंक चेक और उससे जुड़े दस्तावेज मिले।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में विवाद की शुरुआत पति के इलाज के लिए लिए गए 20 हजार रुपए से हुई।

पुलिस की कार्रवाई में सामने आया कि महिला के पास से जुड़ा कोरा चेक और दस्तावेज भी आरोपी के घर से मिले हैं। पुलिस अब मामले में मारपीट, धमकी और अतिरिक्त रकम की मांग से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Exit mobile version