भिलाई स्टील प्लांट के जंक्शन-12, कोक ओवन इलाके में कॉपर वायर चोरी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesभिलाई स्टील प्लांट के जंक्शन-12, कोक ओवन इलाके में कॉपर वायर चोरी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ग्राम जोरातराई के रहने वाले हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद निखिल कुमार साहू (20) और किशन ठाकुर (22) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उनके कब्जे से 160 किलो कॉपर वायर और एक मोबाइल फोन समेत 47 हजार रुपए की सामग्री बरामद की गई थी।

दरअसल, 12 अगस्त की रात भिलाई स्टील प्लांट के जंक्शन-12, कोक ओवन इलाके की गैलरी से कुछ लोग कॉपर वायर चोरी कर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। उस समय ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की टीम ने कुछ आरोपियों को चोरी के सामान के साथ पकड़ लिया था।

इसके बाद 13 अगस्त को भिलाई भट्ठी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई और पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम जोरातराई में दबिश देकर घनश्याम मंडावी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 160 किलो कॉपर वायर बरामद हुआ था।

इसकी कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा 7 हजार रुपए कीमत का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

लंबे समय से चल रहे थे फरार

पुलिस को इस घटना में शामिल दो आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। घटना के बाद से दोनों फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान 20 सितंबर को पुलिस टीम ने ग्राम जोरातराई क्षेत्र में दबिश देकर निखिल कुमार साहू और किशन ठाकुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने प्लांट में हुई चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी रात के समय भिलाई स्टील प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था से बचते हुए दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए थे।

इसके बाद कॉपर वायर और दूसरी सामग्री चोरी करने की कोशिश की गई। मामले में पहले पकड़े गए आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में कॉपर वायर मिलने के बाद पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

Exit mobile version