
इससे पहले भाजपा की नई टीम में स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया था। संगठनात्मक राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान को देखते हुए उन्हें महत्वपूर्ण राज्यों की जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा थी।
दैनिक भास्कर डिजिटल ने एक महीने पहले ही बता दिया था कि प्रदेश प्रभारी की रेस में स्मृति ईरानी सबसे आगे हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, गजेंद्र पटेल और हरीश द्विवेदी के नाम भी संभावितों में शामिल थे।
सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल, गजेंद्र पटेल को झारखंड और हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक की जिम्मेदारी दी गई है। डी. पुरंदेश्वरी के बाद स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ बीजेपी की दूसरी महिला प्रदेश प्रभारी हैं।
सरकार-संगठन के बीच बेहतर समन्वय की होगी चुनौती
छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार है और संगठन के लिहाज से प्रदेश प्रभारी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। नए प्रभारी को सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय, कार्यकर्ताओं से संवाद और आगामी राजनीतिक रणनीति तैयार करने की जिम्मेदारी संभालनी होगी।