
मेला ग्राउंड और चौपाटी इलाका पूरी तरह पानी में डूब गया है। नटराज चौक, बिलासपुर रोड और केरा मार्ग तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। कई वार्डों और मोहल्लों के घरों में भी पानी घुस गया है। वार्ड नंबर 1 के लोगों को राहत शिविर में शिफ्ट किया गया है। प्रभावित इलाकों में लोगों की आवाजाही नाव के जरिए हो रही है।
बाढ़ के हालात को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट पर है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने महानदी के तटीय इलाकों का जायजा लिया। अधिकारियों ने राजस्व, पुलिस, जल संसाधन और नगर सेना समेत संबंधित विभागों को नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने और बचाव उपकरण तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
DDRF की दो टीमें तैयार, एक शिवरीनारायण में तैनात
बाढ़ राहत के लिए जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (DDRF) की दो टीमें तैयार हैं। एक टीम मोटर बोट के साथ शिवरीनारायण में तैनात है। दूसरी टीम जिला मुख्यालय में रिजर्व रखी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी प्रभावित इलाकों में तैनात हैं।
बैराज, घाट और पुलों का निरीक्षण
कलेक्टर-एसपी ने शिवरीनारायण बैराज, घाट, पुल और बसंतपुर बैराज का निरीक्षण किया। सुरक्षा के लिए घाटों और पुलों पर बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया है। पानी बढ़ने की स्थिति में यातायात रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
जलभराव वाले इलाकों में मुनादी के निर्देश
महानदी के तटीय इलाकों और पहले जलभराव वाले आबादी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। मुनादी के जरिए ग्रामीणों को संभावित जलभराव और जरूरी सावधानियों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए पहले से चिन्हांकित स्थानों पर जरूरी व्यवस्थाएं रखने को कहा गया है।
नदी किनारे सेल्फी-वीडियो बनाने से बचने की अपील
प्रशासन ने लोगों से नदी, पुल और तेज बहाव वाले इलाकों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। तेज बहाव के बीच सेल्फी या वीडियो बनाने का जोखिम नहीं उठाने और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
शिवरीनारायण में स्थिति बिगड़ी, प्रशासन की नजर
फिलहाल प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव की तैयारियां जारी हैं। प्रशासन महानदी के तटीय इलाकों, पुल-पुलियों और जलस्तर पर लगातार नजर रख रहा है। वार्ड नंबर 1 के लोगों को राहत शिविर में शिफ्ट किया गया है, जबकि अन्य प्रभावित इलाकों में भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।