
पुलिस, प्रशासन, बाढ़ बचाव दल और नगर सेना की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर अब तक 50 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। बचाव कार्य रविवार सुबह से जारी है।
रात 2 बजे घरों में घुसने लगा पानी
लगातार बारिश के कारण गिधौरी में जलस्तर बढ़ता गया। रविवार रात करीब 2 बजे कई घरों में पानी पहुंच गया। इसके बाद प्रभावित परिवार जरूरी सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाने लगे। पानी 4 से 5 फीट तक पहुंच जाने के कारण लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। इसके बाद प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू शुरू कराया।
एसडीओपी के नेतृत्व में रेस्क्यू
एसडीओपी कौशल किशोर वासनिक के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभियान शुरू किया। नगर सेना की टीम भी बचाव कार्य में जुटी हुई है। अब तक 50 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है और प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू अभियान लगातार चल रहा है।
प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने को कहा
प्रशासन ने लोगों से घबराने से बचने और राहत-बचाव दल के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने की तैयारी भी की जा रही है। लगातार बारिश और महानदी के बढ़े जलस्तर को देखते हुए प्रशासन की टीमें क्षेत्र में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।