
प्रदर्शन की शुरुआत मदनलाल के बंद पेट्रोल पंप के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जुटने से हुई। यहां से कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में कलेक्ट्रेट चौक पहुंचे। यहां मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया गया।
इसके बाद कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़े। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने पुलिस बल तैनात किया था। कलेक्ट्रेट के सामने बैरिकेडिंग भी की गई थी।
बैरिकेडिंग पर रोका, गेट पर अधिकारियों ने लिया ज्ञापन
बैरिकेडिंग के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कलेक्टर कार्यालय के अंदर जाने से रोक दिया गया। इसके बाद जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी कार्यालय के गेट पर पहुंचे। उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल और जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप से चर्चा कर ज्ञापन लिया।
राजेश अग्रवाल ने कार्रवाई की मांग की
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के फैसलों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने गिरफ्तारी की मांग भी रखी।
विधायक व्यास कश्यप बोले- मताधिकार से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन
जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि कांग्रेस मताधिकार और संवैधानिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग में अन्य आयुक्तों की आपत्तियों को दरकिनार कर फैसले लिए जा रहे हैं।
कांग्रेस ने उच्चस्तरीय समीक्षा की मांग की
कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई, उनके निर्णयों की उच्चस्तरीय समीक्षा की मांग की। पार्टी ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर उसका आंदोलन जारी रहेगा।