
पुसौर क्षेत्र के सुर्री गांव निवासी धर्मपाल सिदार (25) ने भेड़ चोरी होने की शिकायत थाने में की है। उसने बताया कि 9 अक्टूबर की रात करीब 12 से 2 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उसके घर के पीछे की दीवार तोड़ दी और वहां रखी चार भेड़ें चोरी कर ले गए।
रात में भेड़ों की आवाज सुनकर उसकी नींद खुली। उठकर देखने पर चारों भेड़ें गायब थीं। आसपास खोजबीन करने के बाद भी उनका पता नहीं चला। सुर्री के अलावा झारमुड़ा और बरगांव में भी भेड़-बकरियों की चोरी की घटनाएं हुई हैं।
6 से अधिक भेड़-बकरियां चोरी
ग्रामीणों के मुताबिक, झारमुड़ा और बरगांव में 16 से अधिक भेड़-बकरियां चोरी हो चुकी हैं। रात के समय हो रही इन घटनाओं से पशुपालक परेशान हैं। उन्हें आशंका है कि चोर दोबारा उनके मवेशियों को निशाना बना सकते हैं।
पहले घरों को बाहर से कर देते हैं बंद
धरमपाल ने बताया कि चोर रात में गांव पहुंचते हैं और पहले घरों को बाहर से बंद कर देते हैं, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद भेड़-बकरियां चोरी करते हैं। उसके मुताबिक, चोर लाल रंग की गाड़ी से आते हैं। पिछले साल भी बड़ी संख्या में भेड़-बकरियां चोरी हुई थीं।