कोरिया जिले में हॉस्टल अधीक्षक की नौकरी लगाने के नाम पर सफाई कर्मचारी से करीब 14 लाख रुपए की ठगी के मामले में पुलिस ने महिला और उसके पिता को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesकोरिया जिले में हॉस्टल अधीक्षक की नौकरी लगाने के नाम पर सफाई कर्मचारी से करीब 14 लाख रुपए की ठगी के मामले में पुलिस ने महिला और उसके पिता को गिरफ्तार किया है। महिला अंबिकापुर के आईजी कार्यालय में पदस्थ कॉन्स्टेबल की पत्नी है।

इस मामले में भाजपा नेता सहित बाकी आरोपी फरार हैं। आरोपियों ने छात्रावास अधीक्षक के पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर रुपए लिए थे। महिला के खिलाफ सोनहत थाने में भी 5 लाख रुपए की ठगी की FIR दर्ज है। मामला सोनहत थाना क्षेत्र का है।

किश्तों में लिए 13.69 लाख

दरअसल, आमापारा में रहने वाले संतोष कुमार सारथी ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि अनुराधा भगत और उसके साथियों ने उसे छात्रावास अधीक्षक के पद पर नौकरी लगाने का झांसा दिया।

आरोपियों ने 16 अप्रैल 2024 से 28 मार्च 2025 के बीच किश्तों में उससे 13 लाख 69 हजार रुपए ले लिए। नौकरी नहीं लगने पर संतोष ने रुपए वापस मांगे तो उसे झूठे मामले में फंसाने और हत्या करने की धमकी दी गई।

भाजपा नेता समेत 4 पर FIR, 2 गिरफ्तार

शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने अनुराधा भगत, उसके पति कॉन्स्टेबल राजकुमार लकड़ा, पिता जोखनलाल और डॉ. प्रकाश अनंत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 351(3), 61(2) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने अनुराधा लकड़ा (32), पति राजकुमार लकड़ा, निवासी पुलिस लाइन अंबिकापुर और उसके पिता जोखन लाल (61), निवासी बाबू कॉलोनी, प्रेमाबाग बैकुंठपुर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। मामले में भाजपा नेता डॉ. प्रकाश अनंत और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

सोनहत के दो युवकों से भी 5 लाख की ठगी

सोनहत थाना क्षेत्र के रजौली निवासी आशुक कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि उसने 2025 में आबकारी आरक्षक भर्ती के लिए फॉर्म भरा था। सोनहत निवासी भाजपा नेता विक्की सारथी के जरिए उसकी पहचान अनुराधा भगत से हुई थी।

आशुक के मुताबिक, अनुराधा ने आबकारी आरक्षक के पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर 5 लाख रुपए मांगे। भर्ती परीक्षा से पहले और बाद में विक्की सारथी और अनुराधा भगत ने उससे किश्तों में करीब 3 लाख रुपए ले लिए।

वहीं, बोडार निवासी विद्यासागर को भी आबकारी आरक्षक के पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर 2 लाख रुपए की ठगी की गई। दोनों युवकों की शिकायत पर पुलिस ने अनुराधा भगत, डॉ. प्रकाश अनंत और विक्की सारथी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

Exit mobile version