कोरबा जिले में चौक पर चाकूबाजी की घटना सामने आई

Chhattisgarh Crimesकोरबा जिले में चौक पर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही रिश्तेदार पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि मामूली बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। यह मामला बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र का है।

साइड होने की बात पर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, बांकीमोंगरा निवासी नरसिंहा कुमार (22 वर्ष) घर के पास चौक पर चाय लेने गया था। वहां उसका रिश्तेदार गणेश कुमार (19 वर्ष) पहले से खड़ा था। बताया जा रहा है कि गणेश नशे की हालत में था। नरसिंहा ने उसे साइड होने के लिए कहा, तो इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर गणेश ने जेब से चाकू निकाला और नरसिंहा पर हमला कर दिया। चाकू लगने से वह घायल हो गया। बताया जा रहा है कि नशे की हालत में होने के कारण उसे शुरुआत में चोट का एहसास नहीं हुआ और वह खून निकलते हुए ही घर पहुंच गया।

मां ने देखा तो मच गई चीख-पुकार

घर पहुंचने पर नरसिंहा के हाथ से खून निकलता देख उसकी मां घबरा गई। इसके बाद परिजन उसे लेकर बांकीमोंगरा थाने पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर घायल युवक का मुलाहिजा कराया और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस के मुताबिक, घायल की हालत खतरे से बाहर है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद से आरोपी गणेश कुमार फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। बांकीमोंगरा पुलिस ने धारा 109 सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में नशे के कारण मारपीट और चाकूबाजी की घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने चौक-चौराहों पर नशा करने और विवाद करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।

Exit mobile version