छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया में दशहरे के दिन मीना बाजार में बड़ा हादसा हो गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया में दशहरे के दिन मीना बाजार में बड़ा हादसा हो गया। यहां आकाश झूले से ऊंचाई से गिरने के कारण 39 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पठानपारा निवासी नकुल निषाद के रूप में हुई है। घटना खरसिया थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, नकुल निषाद मंगलवार को दशहरे के दिन खरसिया नगर पालिका परिषद के मैदान में लगे मीना बाजार घूमने गया था। शाम के समय वह आकाश झूले में बैठा था। इसी दौरान वह अचानक ऊंचाई से नीचे गिर गया। गिरने से उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद वह बेहोश हो गया।

अस्पताल ले जाने से पहले मौत

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

शराब के नशे में होने की चर्चा, जांच जारी

बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में था और इसी वजह से उसका संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद मीना बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version