
राजनांदगांव रेंज के IG अजय यादव ने कहा कि मामले में स्पष्टीकरण मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। IG अजय यादव के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक की हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ है। सोशल मीडिया पर इसको लेकर नकारात्मक प्रतिक्रियाएं आई हैं। पुलिस मुख्यालय ने मामले को संज्ञान में लेते हुए गरिमा और सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्पष्टीकरण चाहा है
साड़ी पहन AK-47 से फायरिंग का वीडियो वायरल
दशहरा पर राजनांदगांव पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा के दौरान SP अंकिता शर्मा का फायरिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वे साड़ी पहने AK-47 से गोलियां चलाती नजर आ रही हैं। उन्होंने इस दौरान 8 से 9 राउंड फायर की थे। वीडियो सामने आने के बाद हथियार चलाने के तरीके और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सोशल मीडिया में बहस शुरू हुई।
पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल ने भी उठाए सवाल
भारतीय सेना के पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने वीडियो पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने हथियार संभालने के तरीके और फायरिंग के दौरान सुरक्षा नियमों के पालन पर सवाल उठाते हुए एक्स पर पोस्ट किया ।
उनका कहना था कि लोडेड हथियार को संभालते समय सावधानी जरूरी है और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने इस मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई की जरूरत भी बताई थी।