छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुराने विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट की गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुराने विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट की गई। इस दौरान एक युवक ने चाकू से महिला की कलाई और गले पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना जूटमिल थाना क्षेत्र के कयाघाट की है। पुलिस के मुताबिक, कयाघाट निवासी तुलसी महिलाने (33) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। उसके बड़े बेटे आर्यन महिलाने की शादी हो चुकी है। तुलसी का मोहल्ले में रहने वाले मनीष के साथ पुराना विवाद है।

तुलसी ने बताया कि घटना की शाम वह अपनी बेटी और बहू के साथ घर पर थी। इसी दौरान मनीष अपने साथियों के साथ उसके घर के पास पहुंचा और पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा।

तुलसी घर से बाहर निकली और उन्हें गाली देने से मना किया। इससे मनीष गुस्सा हो गया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद मनीष के साथ आए अन्य लोगों ने तुलसी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।

इसी दौरान मनीष ने अपने पास रखे चाकू से तुलसी की कलाई और गले पर वार कर दिया। इससे वह घायल हो गई और खून बहने लगा।

परिजनों ने किया बीच-बचाव, आरोपी फरार

घटना के दौरान तुलसी के परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करते हुए शोर मचाया। इसके बाद मनीष और उसके साथी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद तुलसी जूटमिल थाने पहुंची और पुलिस को इसकी सूचना दी।

आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज

पुलिस ने तुलसी की शिकायत पर मनीष और अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version