
पुलिस ने 10 गायों और ट्रक समेत करीब 20 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। प्रारंभिक जांच में गोवंश को कत्लखाने ले जाने की आशंका जताई गई है।
पुलिस के अनुसार, एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध पशु परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों पर निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान कुरुद पुलिस को सूचना मिली कि एक छह चक्का ट्रक में गायों को भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मरौद टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की और संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक में 10 गायें मिलीं। पुलिस के मुताबिक, उन्हें अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाया जा रहा था। उनके लिए पर्याप्त दाना-पानी की व्यवस्था भी नहीं थी। पुलिस ने सभी गायों को सुरक्षित मुक्त कराया और ट्रक में सवार दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
बिलासपुर और कोरबा के आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार कश्यप (38), निवासी गड़वर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर और मिथलेश पटेल (22), निवासी कसनिया जरभाठा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामले में कुरुद थाने में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(डी) के तहत अपराध दर्ज किया है।
गायों और ट्रक समेत ₹20 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 5 लाख रुपए कीमत की 10 गायें और लगभग 15 लाख रुपए कीमत का अशोक लीलैंड ट्रक जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 20 लाख रुपए बताई गई है।
अवैध पशु परिवहन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी
एएसपी डीसी पटेल ने बताया कि जिले में अवैध गौ परिवहन और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मरौद टोल प्लाजा के पास की गई कार्रवाई में 10 गायों को सुरक्षित मुक्त कराया गया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि ऐसी अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।