रायपुर में सोशल मीडिया पर खुद को ‘डॉन’ साबित करने की होड़ बढ़ती जा रही

Chhattisgarh Crimesरायपुर में सोशल मीडिया पर खुद को ‘डॉन’ साबित करने की होड़ बढ़ती जा रही है। युवक-युवतियां इंस्टाग्राम पर हथियार लहराते, अश्लील गाली-गलौज करते और जान से मारने की धमकी देते हुए वीडियो अपलोड कर रहे हैं। इन वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करने की बात कही है।

जानकारी के मुताबिक, पहला मामला डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा का है। यहां रहने वाले एक युवक ने इंस्टाग्राम पर ऐसा वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह खुद को अपराधी की तरह पेश करते हुए कहता नजर आ रहा है।

वीडियो में बोलते दिख रहा है कि “हमारा खेल ही निराला है… 302 के खेल में अनगिनत चाकू मारेंगे, चाहे जिंदगी रायपुर सेंट्रल जेल में निकल जाए।” वीडियो में युवक के हावभाव और भाषा को लेकर लोगों ने भी आपत्ति जताई है।

युवतियां भी दे रही गालियां

वहीं, दूसरे वायरल वीडियो में एक युवक और युवती मिलकर अश्लील गाली-गलौज करते हुए लोगों को धमकाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों नियमित रूप से ऐसे वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हैं।

युवक ने सोशल मीडिया पर ‘कमीने’ नाम से आईडी बनाई हुई है। वीडियो देखकर ऐसा लगता है कि उन्हें कानून या पुलिस कार्रवाई का कोई डर नहीं है।

आजाद चौक में चाकू लेकर शेर डांस

इसी बीच आज़ाद चौक थाना क्षेत्र से भी एक वीडियो सामने आया है। मुहर्रम जुलूस के दौरान मंगल बाजार के पास एक युवक दोनों हाथों में चाकू और एक चाकू मुंह में दबाकर ‘शेर डांस’ करता नजर आया।

इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सार्वजनिक आयोजन में इस तरह खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। लगातार सामने आ रहे ऐसे वीडियो पुलिस के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं।

जांच करके करेंगे कार्रवाई

रायपुर कमिश्नरेट के अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। यदि वीडियो में हथियारों का प्रदर्शन, धमकी या कानून का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित युवकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निगरानी भी बढ़ा रही है, ताकि ऐसे मामलों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

Exit mobile version