दुर्ग जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोहका के राजा गार्डन स्थित एक मकान में WINBUZZ ऐप के जरिए क्रिकेट सट्टा चलाया जा रहा था। पुलिस ने दबिश देकर मौके से दो युवकों प्रकाश हरिनखेड़े और डिकेश प्रसाद तिवारी को गिरफ्तार किया है।

दोनों आरोपी मासिक वेतन पर सट्टा संचालन का काम करते थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 4 लाख 93 हजार रुपए नकद, 3 लैपटॉप, 1 आईपैड और 18 स्मार्टफोन समेत लाखों रुपए की सामग्री जब्त की है। यह कार्रवाई चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला और ACCU की संयुक्त टीम ने की।

दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जी-9 टावर के पास राजा गार्डन स्थित देवेंद्र कुमार साहू के मकान में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम गवाहों की मौजूदगी में मौके पर पहुंची। टीम ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस को देखकर कुछ संदिग्धों ने भागने की कोशिश भी की।

मासिक वेतन पर करते थे सट्टा संचालन का काम

एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार साहू अपने साथियों के साथ WINBUZZ ऐप के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करता था। इसके लिए लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड के साथ अलग-अलग लोगों के बैंक खातों और ATM कार्ड का इस्तेमाल किया जाता था।

गिरफ्तार दोनों युवक इस नेटवर्क में मासिक वेतन पर काम करते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल कथित तौर पर उनकी जानकारी के बिना सट्टे के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

कैश, मोबाइल और बैंकिंग दस्तावेज जब्त

पुलिस ने मौके से 4.93 लाख रुपए नकद, 3 लैपटॉप, 1 आईपैड और अलग-अलग कंपनियों के 18 स्मार्टफोन जब्त किए हैं। इसके अलावा 22 ATM कार्ड, 10 बैंक पासबुक, एयरटेल बैंक के 4 QR कोड स्कैनर, 1 एयरटेल वाई-फाई डिवाइस और 4 होंडा एक्टिवा स्कूटर भी जब्त किए गए हैं। पुलिस को मौके से अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं।

मुख्य आरोपी की तलाश जारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश हरिनखेड़े (23), निवासी अर्जुन नगर, वैशाली नगर और डिकेश प्रसाद तिवारी (22), निवासी अर्जुन नगर, वैशाली नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 317(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

दोनों आरोपियों को 2 नवंबर को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अब गिरोह के मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार साहू और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version