सरगुजा जिले के बतौली के शिवपुर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के प्राचार्य ओम नारायण सिन्हा पर विद्यालय में नर्स के पद पर काम करने वाली युवती ने छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया

Chhattisgarh Crimesसरगुजा जिले के बतौली के शिवपुर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के प्राचार्य ओम नारायण सिन्हा पर विद्यालय में नर्स के पद पर काम करने वाली युवती ने छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। पीडि़ता का आरोप है कि जुलाई और अगस्त में दो बार प्राचार्य ने उसे अकेले में पाकर अपने साथ संबंध बनाने के लिए कहा।

नौकरी पर असर पड़ने के डर से वह पहले चुप रही, लेकिन पद से हटाए जाने के बाद उसने बतौली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के आवेदन और बयान के आधार पर बतौली पुलिस ने प्राचार्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दरअसल, कुछ समय पहले एकलव्य स्कूल की करीब 40 छात्राएं छात्रावास में अव्यवस्थाओं को लेकर पैदल अंबिकापुर पहुंची थीं।

उन्होंने कलेक्टर से मुलाकात कर भोजन में कीड़े मिलने, खराब खाना परोसने और छात्रावास में बिजली नहीं होने जैसी समस्याओं की शिकायत की थी। इसके बाद प्रशासन ने जांच समिति गठित कर मामले की जांच कराई।

जांच के दौरान प्राचार्य ओम नारायण सिन्हा को सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय में संलग्न कर दिया गया था और नर्स को पद से हटा दिया था।

राशन और अनाज में बड़ी मात्रा में होती है हेराफेरी, इसीलिए कर्मी आपस में ही भिड़ रहे

बता दें एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय ने बच्चे रहकर वहां पढ़ाई भी करते हैं, लिहाजा वहां बच्चों को सरकार द्वारा अच्छी सुविधाएं भी मिलती है, इसके लिए सामान और भोजन के लिए भारी मात्रा में राशि व अनाज भी आता है, इसी अनाज में हेराफेरी कर वहां के कर्मी मोटी कमाई करते हैं, इसी कमाई में जब कई बार हिस्सा नहीं बंट पाता तो कर्मी आपस में ही भिड़ जाते हैं।

6 धाराओं में से 3 गैरजमानती, नौकरी भी जा सकती है

पुलिस ने प्राचार्य के खिलाफ शिकायत के आधार पर 6 धाराओं में केस दर्ज किया है। जिनमें से तीन धाराएं 74, 75(2) व SC/ST एक्ट 3(1)(w) गैर-जमानती है।

अगर अपराध साबित हो गया तो प्राचार्य के नौकरी पर भी संकट खड़ा हो सकता है और अगर यह शिकायत झूठी निकली तो नर्स के खिलाफ प्राचार्य बीएनएस की धारा 248 (झूठा आपराधिक आरोप) का केस दर्ज करा सकते हैं, इसके तहत 5 साल की सजा भी हो सकती है। बता दें पूरे मामले की जांच सीतापुर एसडीओपी कर रहे हैं।

मेरे आने से लोगों की कमाई बंद, इसीलिए झूठा केस: प्राचार्य

मामले में प्राचार्य ओम नारायण सिन्हा ने कहा कि मेरे आने के बाद से ही आवासीय विद्यालय में व्यवस्थाएं बेहतर हो गई थी, पहले के लोग जिस तरह से कमाई कर रहे थे राशन व दूसरी चीजों में वो सब बंद हो गया था। उसी में ये नर्स भी शामिल थी। अब मेरे ऊपर ऐसा आरोप लगा रही है, जो पूर्ण रुप से गलत है। मैं पुलिस को जांच में पूरा सहयोग करुंगा।

Exit mobile version