
गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला, एक पुरुष और दो नाबालिग शामिल हैं। आरोपियों के पास से चोरी के कुछ आभूषण भी बरामद किए गए हैं। गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, 7 नवंबर को दिवाली से ठीक एक दिन पहले कुछ महिलाएं बच्चों के साथ मोती ज्वेलर्स पहुंची थीं। सभी ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुई थीं। उन्होंने दुकानदार को आभूषण दिखाने के बहाने बातचीत में उलझाए रखा।
इसी दौरान एक महिला ने मौका देखकर सोने के जेवरों से भरा डिब्बा उठा लिया। उसने डिब्बे को अपने झोले में रख लिया। इसके बाद पूरा समूह दुकान से निकल गया।
डिब्बे में करीब 1200 ग्राम सोने के आभूषण थे। इनकी कीमत 1 करोड़ 74 लाख से 1 करोड़ 80 लाख रुपए के बीच बताई गई है।
CCTV फुटेज से मिला गाड़ी का सुराग
चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई थी। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस टीम ने दुकान और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले।
इसी दौरान एक अन्य कैमरे में संदिग्ध एक गाड़ी से जाते दिखे। पुलिस ने गाड़ी का नंबर निकाला। इसके आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
रायकोट में दबिश देकर चार को पकड़ा
गाड़ी के नंबर के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। टीम ने रायकोट इलाके में दबिश दी। यहां से एक महिला, एक पुरुष और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में उनके पास से चोरी के कुछ सोने के आभूषण बरामद हुए हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और बाकी आभूषणों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस बोली- बाकी आरोपियों की तलाश जारी
बस्तर ASP सुखनंदन सिंह राठौर ने बताया कि मोती ज्वेलर्स में चोरी के मामले में अब तक 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनके पास से चोरी के कुछ आभूषण बरामद हुए हैं। वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा