
स्टेशन-वार देखें तो शहर के चार प्रमुख स्टेशनों में भाठागांव अंतरराज्यीय बस टर्मिनल में एक्यूआई सबसे ज्यादा 135 रिकॉर्ड किया गया। यह मध्यम श्रेणी के प्रदूषण में आता है। वायु प्रदूषण पर नजर रखने वाली वेबसाइट aqi.in के मुताबिक मंगलवार रात करीब 10:30 बजे रायपुर दुनिया के 60वें सबसे जहरीली हवा वाले शहर के रूप में दर्ज था।
उस वक्त वायु गुणवत्ता सीवियर यानी गंभीर श्रेणी की थी। यही हाल बिलासपुर और भिलाई का भी था। दोनों जगह की हवा गंभीर श्रेणी की दर्ज की गई। वैसे केंद्रीय प्रदूषण निवारण मंडल के मापदंड के अनुसार 0 से 50 तक का एयर क्वालिटी इंडेक्स अच्छा माना जाता है।
51 से 100 का स्तर संतोषजनक और 101 से 200 का स्तर मध्यम प्रदूषण की श्रेणी में आता है। राजधानी रायपुर में प्रदूषण का स्तर थोड़ा अधिक है। देश के दूसरे शहरों में प्रदूषण का स्तर 200 से 300 और उससे अधिक पहुंच गया है। इसकी तुलना में रायपुर में प्रदूषण का स्तर बहुत कम है।
एम्स में एक्यूआई 9 नवंबर के 76 था। यह बढ़कर 10 नवंबर को 98 हो गया। एम्स का क्षेत्र शहर की घनी आबादी से थोड़ा दूर है, लेकिन व्यावसायिक तथा वाहनों के अधिक आवाजाही के कारण यहां प्रदूषण का स्तर थोड़ा अधिक रहता है। यहां एक्यूआई 100 से नीचे रहना संतोषजनक स्थिति है।सिलतरा में कम रहा प्रदूषण का स्तर: राहत की बात यह है कि सिलतरा क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर बाकी जगहों से थोड़ा कम है। इसकी वजह यहां पर हरियाली के लिए किए गए काम है। औद्योगिक क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधारोपण और प्रदूषण निवारक उपायों के उपयोग के लिए सख्ती इसकी वजह बताई जा रही है।