रायगढ़ जिले में सड़क हादसे में 19 साल के युवक की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले में सड़क हादसे में 19 साल के युवक की मौत हो गई। रेत लोड ट्रैक्टर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण मुआवजे की मांग कर रहे हैं। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, कलमी के फाटकपारा निवासी राजेश महंत (19) गुरुवार सुबह करीब 11 बजे किसी काम से बाइक लेकर निकला था। वह घर लौट रहा था। इसी दौरान कलमी बस्ती मेन रोड पर रायगढ़ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार रेत लोड ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से राजेश सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आ गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। नाराज ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। वे मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।

अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में सुबह से रात तक अवैध रेत का परिवहन होता है। हर दिन सैकड़ों ट्रैक्टर इस रास्ते से गुजरते हैं। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। हालांकि, ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Exit mobile version