जयंती विशेष: जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले महान जननायक थे भगवान बिरसा मुंडा

Chhattisgarh Crimes● अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ‘उलगुलान’ का बिगुल फूंककर आदिवासी समाज में जगाई स्वाभिमान और एकता की अलख, महज 25 वर्ष की आयु में देश और समाज के लिए दिया सर्वोच्च बलिदान

युमेन्द्र कश्यप/छत्तीसगढ़ क्राइम्स। भारत के स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास आदिवासी वीरों के संघर्ष और बलिदान के बिना अधूरा है। इसी गौरवशाली इतिहास में भगवान बिरसा मुंडा का नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण, अत्याचार, जमींदारी व्यवस्था और आदिवासियों की जमीन पर हो रहे कब्जे के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंका था। उनका जीवन केवल एक स्वतंत्रता सेनानी की कहानी नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की अस्मिता, स्वाभिमान, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए किए गए ऐतिहासिक आंदोलन की प्रेरणादायक गाथा है।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को मनाई जाती है। भारत सरकार ने वर्ष 2021 में उनकी जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इस दिवस का उद्देश्य देश के स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी नायकों के योगदान, उनके संघर्ष और बलिदान को सम्मान देना तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके इतिहास से परिचित कराना है। इस वर्ष 2026 में उनकी 151वीं जयंती मनाई जा रही है।

■ संघर्षों के बीच हुआ था जन्म

भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम सुगना मुंडा और माता का नाम करमी हातू था। साधारण परिवार में जन्मे बिरसा ने बचपन से ही आदिवासी समाज की गरीबी, शोषण और अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों को करीब से देखा था।
उस दौर में छोटानागपुर क्षेत्र के आदिवासियों की पारंपरिक जमीनों पर बाहरी जमींदारों और साहूकारों का हस्तक्षेप बढ़ रहा था। आदिवासी अपनी ही जमीन पर अधिकार खोते जा रहे थे। उनसे बेगार कराई जाती थी और आर्थिक तथा सामाजिक शोषण किया जाता था। इन परिस्थितियों ने बिरसा मुंडा के भीतर अन्याय के खिलाफ संघर्ष की भावना को मजबूत किया।

■ ‘उलगुलान’ आंदोलन से हिलाई अंग्रेजी हुकूमत की नींव

भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को संगठित कर अंग्रेजी शासन और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन शुरू किया। उनके नेतृत्व में वर्ष 1899-1900 के दौरान ‘उलगुलान’ अर्थात महान विद्रोह हुआ।
इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य आदिवासियों को उनकी पारंपरिक जमीनों पर अधिकार दिलाना, शोषणकारी व्यवस्था का विरोध करना और आदिवासी समाज की सामाजिक-सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखना था।
बिरसा मुंडा ने लोगों को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का संदेश दिया। उनके नेतृत्व में हजारों आदिवासी अंग्रेजी शासन के खिलाफ खड़े हुए। डोम्बारी बुरू की घटना इस आंदोलन के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है, जहां अंग्रेजी सेना ने आंदोलनकारियों पर गोलीबारी की थी।

उनका आंदोलन भले ही अंग्रेजी हुकूमत द्वारा दबा दिया गया, लेकिन इसने आदिवासी अधिकारों और भूमि संरक्षण की मांग को एक नई पहचान दी।

■ समाज सुधार और सांस्कृतिक चेतना के भी थे अग्रदूत

बिरसा मुंडा केवल राजनीतिक विद्रोह के नेता नहीं थे, बल्कि समाज सुधारक और धार्मिक-सांस्कृतिक चेतना के वाहक भी थे। उन्होंने आदिवासी समाज को अंधविश्वास, सामाजिक कुरीतियों और आपसी भेदभाव से दूर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपनी संस्कृति, परंपरा, सामुदायिक एकता और प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन को महत्व दिया।
उनके अनुयायी उन्हें श्रद्धापूर्वक ‘धरती आबा’ अर्थात धरती का पिता कहते हैं। उनके विचारों ने आदिवासी समाज में आत्मसम्मान और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा की।

■ 25 वर्ष की उम्र में दिया सर्वोच्च बलिदान

अंग्रेजी हुकूमत बिरसा मुंडा के बढ़ते प्रभाव से चिंतित थी। 3 मार्च 1900 को अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें रांची जेल में रखा गया, जहां 9 जून 1900 को मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया।
उनकी मृत्यु के बाद भी उनके संघर्ष की गूंज समाप्त नहीं हुई। आदिवासी भूमि अधिकारों की रक्षा के लिए बने कानूनी प्रावधानों और विशेषकर छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम (CNT Act), 1908 के ऐतिहासिक संदर्भ में उनके आंदोलन का महत्वपूर्ण स्थान माना जाता है।

Exit mobile version