बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र स्थित शिवतराई जंगल में प्राइवेट रिसॉर्ट के पास युवक की अधजली लाश मिली

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र स्थित शिवतराई जंगल में प्राइवेट रिसॉर्ट के पास युवक की अधजली लाश मिली है। घटनास्थल पर उसकी बाइक भी जली हुई हालत में पड़ी थी। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या के बाद पहचान और सबूत मिटाने के लिए उसे बाइक समेत जलाया गया होगा।

दरअसल, सुनसान जगह पर जली हुई बाइक देखकर स्थानीय लोगों ने पास जाकर देखा तो कुछ दूरी पर युवक का शव पड़ा मिला। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची लेकिन, शाम ढलने और अंधेरा होने के कारण रात में बारीकी से जांच और सबूत जुटाने की कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी।

अंधेरे के कारण रात में नहीं हो सकी जांच

दरअसल, सूचना मिलने पर गुरुवार देर शाम पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती फोटोग्राफी के अलावा घटनास्थल पर कोई जांच नहीं हो सकी। अंधेरा होने के कारण फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी जांच नहीं कर पाई।

अब आज पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी। आरोपियों तक पहुंचने के लिए स्निफर डॉग की मदद भी ली जाएगी।

मृतक की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। आशंका है कि हत्या के बाद मृतक की पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए पेट्रोल डालकर शव और बाइक दोनों को जलाया गया है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

रातभर सक्रिय रही ACCU की टीम

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने ACCU की टीम को सक्रिय किया। उनके निर्देश पर टीम देर रात तक कोटा के शिवतराई और आसपास के इलाकों में जांच करती रही।

टीम ने स्थानीय लोगों से अलग-अलग तरीके से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। हालांकि, पुलिस को अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

Exit mobile version