जगदलपुर बाफना हाउस में 21 साल की युवती की मौत का मामला उलझता जा रहा

Chhattisgarh Crimesजगदलपुर बाफना हाउस में 21 साल की युवती की मौत का मामला उलझता जा रहा है। परिजन इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर हत्या और यौन उत्पीड़न की आशंका जता रहे हैं।

सड़क पर उतर कर लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं, अब बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने प्रदर्शन और आरोपों को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि, इससे व्यापारियों में डर का माहौल बन रहा है।

चेंबर का आरोप है कि, जांच पूरी होने से पहले ही एक परिवार और प्रतिष्ठान को निशाना बनाया जा रहा है। दूसरी ओर, सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने एक दिवसीय धरना देकर CBI जांच की मांग की है।

उनका कहना है कि युवती की मौत के पीछे की असली वजह सामने आनी चाहिए और सभी संबंधित लोगों के बयान लेकर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

इस बीच पुलिस ने मृत युवती का मोबाइल परिजनों से लेकर जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट की लिखावट पर भी सवाल उठाए गए हैं। परिजनों का दावा है कि नोट की हैंडराइटिंग युवती की दूसरी नोटबुक में मौजूद लिखावट से मेल नहीं खाती।

अब हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से इसकी जांच कराई जाएगी। मोबाइल की फॉरेंसिक जांच और हैंडराइटिंग रिपोर्ट के बाद ही इन अहम सवालों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

चेंबर अध्यक्ष बोले- प्रदर्शन से डर का माहौल

बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्याम सोमानी ने कहा कि, बाफना परिवार की ओर से चेंबर को एक पत्र मिला था। उन्होंने इस घटना के बाद संवेदना व्यक्त करते हुए 3 दिन तक अपनी दुकान बंद रखी थी।

पुलिस की अब तक की जांच में इस केस में बाफना परिवार या फिर उनके स्टाफ का कोई रोल नहीं है। लड़की का सुसाइड नोट मिला है, CCTV फुटेज भी मिला है।

इसके बावजूद भी पीड़ित पक्ष और कुछ अन्य लोग बेवजह आवश्यक रूप से रैली, पर्दशन कर दबाव बना रहे हैं। भय का वातावरण बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि, बाफना परिवार की ओर से हमें एक पत्र प्राप्त हुआ था। इसके बाद चेंबर ने IG, कलेक्टर और एसपी को पत्र सौंपकर परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

Exit mobile version