बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे-130 पर बुधवार शाम भरारी के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक टकरा गई

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे-130 पर बुधवार शाम भरारी के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे आकाश साहू (सिरगिट्टी निवासी) की मौके पर मौत हो गई।

जबकि पीछे बैठा विकास साहू (ग्राम ढोटमा, जिला मुंगेली निवासी) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शाम करीब 7 बजे हुआ। अंधेरे में खड़ा ट्रक दिखाई नहीं देने से बाइक पीछे से उससे टकरा गई।

अंधेरे में नहीं दिखा खड़ा ट्रक

दोनों युवक बाइक नंबर CG 10 CB 8460 से बिलासपुर की ओर जा रहे थे। भरारी के पास सड़क पर खड़ा ट्रक अंधेरे के कारण बाइक चालक को दिखाई नहीं दिया। बाइक सीधे ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और आकाश की मौके पर ही मौत हो गई।

घायल को सिम्स रेफर किया

टीआई नीलेश पांडेय ने बताया कि घायल विकास बैसाखू साहू का बेटा है। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स रेफर किया गया। पुलिस ने आकाश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल ट्रक जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

329 दिनों में हाईवे पर 29 लोगों की मौत

बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे-130 पर पिछले 329 दिनों में 29 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें पेंडरवा-रानीगांव क्रॉसिंग मोड़ पर 11 लोगों की मौत हुई है। इस जगह पर अंधेरा रहता है। पेंडरवा की सरपंच अंजनी बैगा सुशासन तिहार के दौरान कलेक्टर से दो बार लाइट लगवाने की मांग कर चुकी हैं।

Exit mobile version