कोरबा में भाजपा किसान मोर्चा मंडल के मंत्री कपिलेश्वर धीरज पर जानलेवा हमला और 60 हजार रुपये की लूट के मामले में बालको पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesकोरबा में भाजपा किसान मोर्चा मंडल के मंत्री कपिलेश्वर धीरज पर जानलेवा हमला और 60 हजार रुपये की लूट के मामले में बालको पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड और वाहन भी बरामद कर लिया है।

भुलसीडीह निवासी कपिलेश्वर धीरज पोल्ट्री फार्म के व्यापारी हैं। उनकी दुकान निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास है। बुधवार देर रात दुकान बंद कर वह कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मेडिकल कॉलेज के पास गांव के अरुण खाण्डे, संदीप खाण्डे और उनके साथियों ने उनका रास्ता रोक लिया।

प्रार्थी की शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज की और लोहे की रॉड व मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट में कपिलेश्वर धीरज को कई जगह चोटें आईं। आरोपियों ने उनकी कार में तोड़फोड़ की और उसमें रखे 60 हजार रुपये नकद लूटकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

112 की मदद से अस्पताल पहुंचे

घटना के बाद कपिलेश्वर धीरज ने 112 पर कॉल कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।

चार आरोपी गिरफ्तार

मामले की रिपोर्ट रजगामार चौकी में दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रजगामार निवासी लक्ष्मी नारायण खाण्डे (48), संदीप खाण्डे (22), गंगासागर खाण्डे (39) और अरुण खाण्डे (24) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली।

नकदी और हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन, लोहे की रॉड और लूटी गई 60 हजार रुपये की नकदी बरामद कर जब्त कर ली है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Exit mobile version