
GRP से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि करीब 24-25 साल का युवक, सांवले रंग का, जींस पैंट और लाल रंग की हाफ टी-शर्ट पहने प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर महाराष्ट्र जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा है। उसके नीले रंग के पिट्ठू बैग में गांजा होने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही जीआरपी टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बताए गए हुलिये के युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम बिनोद बाघ (27) निवासी बनबहाल, ओडिशा बताया।
अलग-अलग पैकेटों में मिला गांजा
आरोपी के बैग की तलाशी लेने पर उसमें अलग-अलग पैकेटों में कुल 8.160 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को जीआरपी थाने लाया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर महाराष्ट्र जा रहा था। उसके पास से महाराष्ट्र के अकोला तक का रेल टिकट भी बरामद हुआ है। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले भी गांजा तस्करी में पकड़ा जा चुका है आरोपी
जीआरपी थाना प्रभारी बीआर बोर्झा ने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि वह पहले भी गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। जीआरपी लगातार नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रख रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की जांच की जा रही है।