छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में आरक्षक की बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में आरक्षक की बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। आईसी मार्ट के संचालक ने उस पर कॉस्मेटिक सामान की चोरी करने का आरोप लगाकर स्कूटी जब्त कर ली थी। छोड़ने के एवज में 50 हजार रुपए की डिमांड की। चोरी का नोट भी लिखवा लिया।

जिससे परेशान होकर पूजा सिंह (17) ने सुसाइड नोट लिखकर फांसी लगा ली। उसने लिखा है कि, मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना। मेरी वजह से आप लोगों को बदनामी झेलनी पड़ रही है। अब छात्रा को न्याय दिलाने के लिए पुलिस परिवार के लोगों ने गुरुवार को थाने का घेराव किया है।

परिजन और पुलिस परिवार के सदस्यों ने आईसी मार्ट संचालक के खिलाफ FIR और गिरफ्तारी के बाद ही पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं, बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े ने भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

अब जानिए क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन बैकुंठपुर में रहने वाले आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की बेटी पूजा सिंह (17) आत्मानंद स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। मंगलवार (7 जुलाई) को वो अपनी छोटी बहन के साथ सामान खरीदने के लिए बैकुंठपुर के संजय चौक स्थित आईसी मार्ट (सुपर मार्केट) गई थी।

बताया जा रहा है कि, आईसी मार्ट संचालक ने छात्रा पर करीब 1500 रुपए के कॉस्मेटिक सामान पैसे दिए बिना रखने का आरोप लगाया। हालांकि, छात्रा और उसकी बहन सामान लेकर दुकान से बाहर नहीं निकली थीं।

आरोप है कि दुकान संचालक ने छात्रा को डांटा और उससे एक कागज पर सामानों की लिस्ट बनाई और उसमें लिखवाया कि, मैं पूजा और मेरी बहन छाया आईसी मार्ट से चोरी किए हैं। संचालक ने दोनों का हस्ताक्षर कराया। मार्ट संचालक ने उनकी स्कूटी अपने पास रख ली। इसके बाद स्कूटी वापस देने के लिए 5 हजार रुपए लाने को कहा गया।

संचालक ने स्कूटी वापस करने के लिए मांगे 50 हजार

आईसी मार्ट से लौटने के बाद छात्रा ने डर की वजह से घर में अपने पिता को इस घटना के बारे में कुछ नहीं बताया। उसने अपने परिचित एएसआई को इसकी जानकारी दी। इसके बाद एएसआई आईसी मार्ट पहुंचे। संचालक ने स्कूटी वापस करने के लिए पहले 20 हजार रुपए की मांग की।

एएसआई ने संचालक से छात्रा की स्कूटी वापस करने कहा तो संचालक ने कथित तौर पर बताया कि, स्कूटी दूसरी जगह भेज दी गई है और सुबह आकर ले जाने को कहा। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद बुधवार (8 जुलाई) सुबह छात्रा के पिता आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा खुद आईसी मार्ट पहुंचे।

शिवनाथ सिंह पैकरा ने बताया कि संचालक ने स्कूटी वापस करने के बदले 50 हजार रुपए की मांग की। उनके पास 20 हजार रुपए थे, लेकिन संचालक ने इसके बाद भी स्कूटी लौटाने से इनकार कर दिया।

छात्रा ने घर में लगाई फांसी, मां की हालत बिगड़ी

आरक्षक ने पूरी घटना की जानकारी फोन पर अपनी पत्नी को दी, जो मायके सूरजपुर गई थीं। जब छात्रा को इस बारे में पता चला तो वह काफी परेशान और डर गई। दोपहर करीब 2 बजे रितु सिंह की मां बस से बैकुंठपुर पहुंची।

उस समय उसके पिता उन्हें लेने बस स्टैंड गए हुए थे। इस दौरान छात्रा ने घर में फांसी लगा ली। जब दोनों घर पहुंचे तो उन्हें पूजा सिंह का शव फांसी पर झूलता मिला। घटना के बाद पूजा की मां की मानसिक हालत बिगड़ गई है। उसे जिला अस्पताल में दाखिल किया गया है। वह बार-बार बेहोश हो जा रही है। उन्हें आईसीयू में रखा गया है।

Exit mobile version