छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घर में आग लगने से बुजुर्ग दंपती की जिंदा जलकर मौत

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घर में आग लगने से बुजुर्ग दंपती की जिंदा जलकर मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। शुरुआती तौर पर ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, घरघोड़ा के औरामुड़ा गांव निवासी मंगलूराम राठिया (65) अपनी पत्नी पुनई बाई राठिया के साथ धान की फसल की खेती के लिए क्रोंधा गांव आए थे। मंगलवार रात दोनों अपने घर में मौजूद थे। इसी दौरान देर रात अज्ञात कारणों से घर में आग लग गई।

आग इतनी तेजी से फैली कि दंपती बाहर नहीं निकल सके और दोनों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।

फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड ने संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंची। घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आग लगने के कारण और मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

ग्रामीण जता रहे हत्या की आशंका

ग्रामीणों का कहना है कि, पहली नजर में मामला संदिग्ध लग रहा है और हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।

Exit mobile version