
जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। हालांकि, अच्छी बारिश के बावजूद प्रदेश में 1 जून से अब तक औसत मौसमी बारिश सामान्य से 25% कम है।
सरगुजा जिले में बारिश के दौरान बिजली गिरने से 4 बच्चे झुलस गए। इनमें से 2 बच्चों की मौत हो गई। 2 बच्चों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। दोनों सगे भाई हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। जांजगीर-चांपा के अकलतरा स्थित कर्रा नाला जलाशय का एक हिस्सा भारी बारिश से बह गया। प्रशासन ने 125 लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में पहुंचाया है।
बिलासपुर में हो रही लगातार बारिश से नेशनल हाईवे-49 पर जलभराव हो गया था। कई जगहों पर सड़क के ऊपर 4 से 5 फीट तक पानी बहता नजर आया। वहीं कोटमीसोनार में लीलागर नदी के पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। इस मार्ग को भी एहतियातन बंद कर दिया गया है। फिलहाल, प्रशासन हालातों पर नजर बनाए हुए है।