ओडिशा और पश्चिम बंगाल के पास बने डीप डिप्रेशन के असर से छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है

Chhattisgarh Crimesओडिशा और पश्चिम बंगाल के पास बने डीप डिप्रेशन के असर से छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि रायपुर, दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर संभाग के कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में बारिश सामान्य श्रेणी में है, लेकिन सामान्य से 18% कम दर्ज की गई है।

इधर, प्रदेश में बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खड़गवां ब्लॉक के शिवपुर गांव में हुआ, जहां खेत में काम कर रहे 3 ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। घायलों का खड़गवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है।

वहीं, सूरजपुर जिले के नमदगीरी गांव में खेत में काम कर रहे किसान विनय देवांगन (35) की बिजली गिरने से मौत हो गई। तीसरा हादसा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में हुआ, जहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला मजदूर की जान चली गई, जबकि 6 अन्य महिलाएं घायल हो गईं।

Exit mobile version