स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस का अभियान जारी

Chhattisgarh Crimesस्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस का अभियान जारी है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने ईश्वरी चरण शुक्ल वार्ड के राजीव नगर इलाके में घर-घर पहुंचकर लोगों से संपर्क किया। इस दौरान कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर को ‘महतारी वंदन वसूली मीटर’ नाम देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली राशि की वसूली बढ़े हुए बिजली बिलों के जरिए कर रही है।विकास उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में महंगी बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों की सहमति से स्मार्ट मीटर हटाने के लिए आवेदन भी भरवा रहे हैं।उपाध्याय ने दावा किया कि पहले जिन परिवारों का बिजली बिल 1000 से 1500 रुपए आता था, स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिल पांच से सात गुना तक बढ़ गए हैं। इससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों का मासिक बजट बिगड़ गया है। कई लोगों को बिजली बिल जमा करने के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है और ब्याज का बोझ भी उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन में सरप्लस राज्य होने के बावजूद लोगों को महंगी बिजली मिल रही है। कांग्रेस का कहना है कि पहले बिजली बिल हाफ योजना से उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी, लेकिन अब बढ़ी हुई बिजली दरों और स्मार्ट मीटर की वजह से आम उपभोक्ता परेशान हैं।

कांग्रेस ने सरकार से स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकने, पहले से लगे स्मार्ट मीटर हटाने और बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेशभर में आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Exit mobile version