दोनों दोस्त को मोबाइल पर गेम खेलने की लत थी, लेकिन छत्रपाल के घर वालों ने उसका मोबाइल ले लिया था। इसलिए छत्रपाल ने चिन्मय से गेम खेलने मोबाइल मांगा, नहीं देने पर गला घोंटकर उसे मार डाला। लाश को खंडहर स्कूल में छिपा दिया था। स्कूल पिछले 10 महीने से बंद पड़ा है। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, भरारी गांव का रहने वाला चिन्मय सूर्यवंशी (13) 8वीं का छात्र था। 31 जुलाई की शाम करीब 4.30 बजे अपने घर से निकला था। जिसके बाद घर नहीं लौटा। इससे परेशान परिजन आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश करते रहे।
साथ ही थाने में भी बच्चे के गायब होने की जानकारी दी। बच्चे के गायब होने के बाद से उसके परिजन परेशान थे। उसकी तलाश के लिए थाने से लेकर SP दफ्तर के चक्कर काट रहे थे। परिजनों ने एक लाख का इनाम भी घोषित किया था।
परिजनों को थी अनहोनी की आशंका
चिन्मय के परिवार को शुरू से शक था कि, कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला कर अपहरण कर ले गया है। जिसके चलते वो अपने मासूम बेटे की तलाश के लिए लगातार थाने और एसपी ऑफिस का चक्कर काट रहे थे।