
प्रशासन ने इस सीजन में अवैध परिवहन में लगे 47 वाहनों को पकड़ा है। इन सभी वाहनों को राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा अवैध धान के कारोबार में संलिप्त कोचियों और बिचौलियों को जेल भेजने की तैयारी भी की जा रही है।
अब तक 45 हजार क्विंटल धान जब्त
अब तक लगभग 45 हजार क्विंटल अवैध धान जब्त किया जा चुका है। हाल ही में अंतरराज्यीय सीमा पर 1.50 करोड़ रुपए के 6 ट्रक और 4 पिकअप पकड़े गए, जिनमें 845 क्विंटल धान लदा था। राजनांदगांव, डोंगरगांव और डोंगरगढ़ संभागों में कुल 235 केस दर्ज किए गए हैं।
4 बिचौलियों पर FIR दर्ज
इस मामले में 4 बिचौलियों पर एफआईआर दर्ज की गई है और एक को जेल भेजा जा चुका है। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने निर्देश दिए हैं कि धान की खरीदी केवल वास्तविक किसानों से की जाए। उन्होंने कर्मचारियों को चेतावनी दी कि धान खरीदी केंद्रों पर किसानों को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए।
चेक पोस्टों पर 24 घंटे निगरानी
धान की एंट्री, भौतिक सत्यापन और निरीक्षण का कार्य लगातार जारी रहना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिले की अंतरराज्यीय सीमाओं पर बने चेक पोस्टों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। बाहरी धान को जिले की समितियों में खपाने के प्रयासों को रोकने के लिए पूरी टीम को अलर्ट पर रखा गया है।