छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में खाली पड़ी जमीन को हड़पने भू-माफिया ने फर्जीवाड़ा किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में खाली पड़ी जमीन को हड़पने भू-माफिया ने फर्जीवाड़ा किया है। भू-माफिया ने 95 साल के मृत बुजुर्ग को जिंदा बताकर 46 साल का बना दिया। उसकी जाति बदलकर दूसरे युवक को असली बताकर जमीन की रजिस्ट्री करा दी। मामला सिरगिट्‌टी क्षेत्र का है। दरअसल, सिरगिट्‌टी क्षेत्र के मिसल 1928 और भू-अभिलेख रिकार्ड में कौशल प्रसाद जाति ब्राहम्ण और उसके तीन भाई के नाम पर दर्ज है। करीब 30 डिसमिल इस बेशकीमती जमीन पर एडवोकेट राजीव दुबे का कब्जा है। उनकी पारिवारिक पैतृक जमीन का सालों से न तो फौती कटा है और न ही नामांतरण हुआ है।

 

लेकिन, साल 2022 में अचानक राजस्व रिकार्ड में यह जमीन कौशल प्रसाद सूर्यवंशी (46) के नाम पर दर्ज हो गया, जिसे देखकर राजीव दुबे और परिवार के सदस्य हैरान रह गए। 95 साल के मृत व्यक्ति को बना दिया 46 साल, जाति भी बदल दी

 

जब उन्होंने राजस्व विभाग से इसकी जानकारी ली, तब पता चला कि यह जमीन कौशल प्रसाद सूर्यवंशी के नाम पर है, जिसे उसने रमेश पांडेय नाम के व्यक्ति को पावर ऑफ अटार्नी के जरिए बेच दी है। उन्होंने राजस्व रिकार्ड और रजिस्ट्री के दस्तावेज निकलवाए, तब पता चला कि कौशल प्रसाद सूर्यवंशी (46) का है और कूटरचना कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन अपने नाम कर लिया है।

 

एसडीएम ने शुरू की जांच, एफआईआर भी होगी

 

एसडीएम मनीष साहू को जब इसकी शिकायत मिली, तब उन्होंने इस पूरे मामले की जांच की। प्रारंभिक जांच में कूटरचना कर फर्जी रिकार्ड तैयार करने का मामला सामने आया है। उन्होंने इस केस को पुनरीक्षण में लिया है और तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जांच के बाद एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।

 

इस तरह के दर्जन भर शिकायत, दो मामलों में एक्शन

 

एसडीएम मनीष साहू ने बताया कि, इस तरह से दर्जन भर शिकायतें हैं, जिसमें या तो मृत व्यक्ति को जीवित बताकर या फिर जीवित को मृत बताकर जमीन हथियाने कूटरचना कर फर्जीवाड़ा किया गया है। जिसमें शांति नगर श्रीराम परिसर निवासी अनिल तिवारी पिता राममिलन तिवारी (49) की जमीन का फर्जी दस्तावेज तैयार कर मंगला के सुकेशी पांडेय पति सुशील पांडेय के नाम करा लिया गया है। फिर उसे अरूणा शुक्ला को बेच दी गई है।

 

जीवित पति-पत्नी को मृत बताकर बेच दी जमीन

 

जिसमें तोरवा के पुराना पावर हाउस स्थित जेपी पार्क की रहने वाली अनुराधा सेनापति और उसके पति शांतनु कुमार सेनापति को मृत बताकर उनकी जमीन का फर्जी रिकार्ड तैयार किया गया। सरकंडा के बंगालीपारा की रहने वाली सावित्री तिवारी पति पुरुषोत्तम तिवारी ने दोनों पति-पत्नी को मृत बताकर 31 अगस्त 2019 को नामान्तरण कराकर जमीन को नागेश्वर राव को बेच दी।

 

फिर नागेश्वर ने उसे अर्चना कश्यप पिता परमेश्वर कश्यप को विक्रय कर दिया। फर्जीवाड़ा सामने आने पर इस मामले की रिपोर्ट तोरवा थाने में दर्ज कराई गई है। पटवारी और आरआई की मिलीभगत की आशंका

 

शहर में इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। बल्कि, दर्जन भर शिकायतें राजस्व विभाग में लंबित हैं। शहर में भू-माफिया का गैंग सक्रिय है, जो शहर की खाली जमीन हथियाने के लिए सक्रिय हैं। इसके लिए पटवारी और आरआई से मिल कर यह गैंग पहले जमीन का रिकार्ड खंगालते हैं।

 

इसके बाद ऐसे बेसकीमती जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार करते हैं, जिसका कोई वारिश नहीं है या फिर सालों से उस जमीन की खरीद-बिक्री न हुई हो। शहर के सरकंडा, तोरवा, सकरी, सिरगिट्‌टी सहित कई इलाकों में इस तरह के गैंग सक्रिय हैं, जो सुनियोजित तरीके से कूटरचना कर जमीन का फर्जी दस्तावेज तैयार करते हैं।

 

एसडीएम मनीष साहू का कहना है कि, ऐसे मामलों में विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version