
चांटीडीह निवासी सन्नी श्रीवास ने बताया कि वह अपने दोस्त सूरज साहू के साथ गुरुवार की रात तोरवा मेन रोड पर शोभायात्रा देखने गया था। इस दौरान वो खड़े होकर शोभायात्रा में जीवंत झांकी देख रहा था।
इसी दौरान प्रियांशु बोले नाम के युवक वहां पहुंचा और सूरज को साइड में हटने के लिए कहा। सूरज जैसे ही किनारे हटने लगा, प्रियांशु ने ‘ज्यादा अकड़ में बात कर रहा है’ कहते हुए विवाद शुरू कर दिया। बहस होने पर दोस्तों को बुलाया और मारा चाकू
विवाद बढ़ने पर प्रियांशु ने दयालबंद से अपने दोस्त साहिल सोनकर, सुरेश और वैभव को बुला लिया। चारों ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए सूरज साहू को जान से मारने की धमकी दी। विवाद के दौरान प्रियांशु ने अपने पास रखे चाकू से सूरज के पेट, सिर और पीठ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
सूरज खून से लथपथ होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सन्नी ने तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। पीड़ित के परिजनों की रिपोर्ट पर तोरवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।