भालू का आतंक, पांडुका–जतमई मार्ग पर दिखा, गांव के पास पहुंचने से हड़कंप

Chhattisgarh Crimes

लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद। जिले के पांडुका–जतमई मुख्य मार्ग पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब अचानक एक जंगली भालू सड़क पर आ गया। राहगीरों और ग्रामीणों ने जैसे ही भालू को देखा, इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि यह भालू धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए ग्राम तौरेंगा के करीब पहुंच गया है, जिससे आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। ग्रामीणों में खासकर उन लोगों के बीच ज्यादा डर का माहौल है, जो रोजाना जंगल में महुआ बीनने जाते हैं।

सूचना मिलते ही पांडुका वन परिक्षेत्र के अधिकारी और वन अमला सतर्क हो गया है। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि भालू के मूवमेंट को ट्रैक किया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाएं और अगर जाना जरूरी हो तो समूह में जाएं। साथ ही, किसी भी जंगली जानवर के करीब जाने या उसे छेड़ने से बचें।

स्थानीय प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और बच्चों व पशुओं को सुरक्षित रखने की सलाह दी है। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त टीम भी तैनात की जा सकती है।

Exit mobile version